केंद्रीय मंत्रिमंडल में बदलाव के बाद संसद में भी बदलाव किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल राज्यसभा में सदन के नेता होंगे। इससे पहले थावर चंद गहलोत राज्यसभा में सदन के नेता थे। उनको कर्नाटक का राज्यपाल बनाए जाने के बाद पीयूष गोयल अब राज्यसभा में सदन के नेता होंगे। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है। 19 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले 17 जुलाई को सदन के सभापति एम वेंकैया नायडू के आवास पर राज्यसभा के सदन के नेताओं की बैठक होगी।

उधर, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा केंद्रीय मंत्रियों ने संसद के आगामी मानसून सत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा करने और विपक्ष का मुकाबला करने को लेकर पार्टी की रणनीति बनाने के लिए मंगलवार को एक बैठक की।

सूत्रों ने बताया कि बैठक राजनाथ सिंह के आवास पर हुई, जो एक घंटे से अधिक समय तक चली। संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होने वाला है और कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बाद यह पहला सत्र होगा। दूसरी लहर पहली लहर से ज्यादा भयावह थी। विपक्षी दलों द्वारा यह मुद्दा उठाकर सरकार को घेरे जाने की संभावना है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed